हर्बेरियम (पादपालय) संग्रह

हर्बेरियम (पादपालय) संग्रह

Kew के हर्बेरियम में 80 लाख से अधिक पौधे और फफूँद के नमूने हैं, और यह विश्व भर के शोधकर्ताओं के लिए एक महत्त्वपूर्ण वैज्ञानिक स्रोत है।

Kew के हर्बेरियम (पौधों के संरक्षित संग्रह) में हर वर्ष विश्व भर से हजारों शोधकर्ता आते हैं, जिसे हाल ही में और विस्तृत किया गया है, इसके लिए एक प्रमुख पुनर्निर्माण कार्यक्रम धन्यवाद का पात्र है। इस हर्बेरियम में, जिसकी स्थापना सन् 1853 में हुई थी, 80 लाख से अधिक नमूने मौजूद हैं, जो विश्व के सभी वानस्पतिक वंशों में से 98% का प्रतिनिधित्व करते हैं। कुछ नमूने पौधों की खोज के लिए कैप्टन कुक के साथ की गई सर जोसेफ बैंक्स की समुद्री यात्राओं के समय के हैं।

हर्बेरियम में कार्यरत एक वनस्पति विज्ञानी

हर्बेरियम में कार्यरत एक वनस्पति विज्ञानी

इस संग्रह में अब भी वृद्धि हो रही है और समुद्र पार के सहयोगियों के साथ संयुक्त कार्य करने के एक कार्यक्रम, अभियानों, उपहारों एवं देश-विदेश के अन्य संस्थानों के साथ किए गए आदान-प्रदान के जरिए इसमें प्रतिवर्ष लगभग 35,000 नए नमूने जुड़ रहे हैं। जब हर्बेरियम में अध्ययन किया जाता है तो कभी-कभी मालूम होता है कि इन नमूनों की प्रजाति पहले अज्ञात थी, जो एक क्रम में वर्णित किए जाते हैं और विज्ञान के लिए नए के रूप में नामित किए जाते हैं। अन्य नमूने विज्ञान संबंधी गहन अध्ययन के लिए आवश्यक शोध सामग्री उपलब्ध कराएँगे। हर्बेरियम अनेक वाउचर नमूनों का भी आवास है – यह भौतिक रूप से अस्तित्वमान एकमात्र ऐसा रिकार्ड है जिसके माध्यम से प्रायोगिक और पर्यावरणगत शोधकार्यों में प्रयुक्त की गई प्रजातियों की तुलना की जाती है।

Kew का हर्बेरियम एक सूचना नेटवर्क का केंद्र है जो विश्व भर के वनस्पति विज्ञानियों और कवक विज्ञानियों को एक मंच पर लाता है। हर्बेरियम में प्रति सप्ताह 50 आगंतुक (विजिटर्स) आते हैं, जिनमें से लगभग एक चौथाई विदेशी शोधकर्ता होते हैं। हम विदेशी विश्वविद्यालयों और विशेषज्ञ संस्थानों को उधार के तौर पर अपने नमूने भेज कर अपने संसाधनों की साझेदारी करते हैं।

हाल ही में शुरू किए गए डिजिटाइजेशन कार्यक्रम के जरिए हम अपने संग्रह को और व्यापक स्तर पर एक्सेस योग्य बनाने का सक्रिय प्रयास कर रहे हैं। Kew के हर्बेरियम के लगभग 5 लाख नमूनों को वरीयता दी गई है, और आज की तिथि तक लगभग 180,000 आइटम्स के उच्च विभेदन (हाई-रिजोल्यूशन) चित्र वेब पर उपलब्ध कराए जा चुके हैं।

एक हर्बेरियम नमूना

एक हर्बेरियम नमूना

संरक्षित नमूने

हर्बेरियम नमूने सुखाए जाते हैं और दबाकर तैयार किए गए पौधे होते हैं जो अभिलेखागारीय गुणवत्ता वाले कागज की एक शीट पर चिपकाए जाते हैं, उनके साथ एक लेबल संबद्ध होता है जिस पर उसका उद्गकम स्थल, संग्रहकर्ता, संख्या और पहचान अंकित होते हैं। उसमें बहुधा अतिरिक्त सूचना, जैसे कि स्थानीय स्तर पर प्रयोग को भी शामिल किया जाता है।

हर्बेरियम में नमूनों को आलमारियों में कुल, क्षेत्र, वंश और प्रजाति के क्रम में व्यवस्थित रूप से रखा जाता है ताकि कोई भी किसी प्रजाति विशेष के उदाहरण को चंद मिनटों में ही ढूँढ सके। यह विश्व के पौधों का निर्देशक बॉक्स है, लगभग 380,000 वाहिकामय पौध प्रजातियाँ एक ही इमारत में मौजूद हैं लेकिन शीट्स को इस क्रम में व्यवस्थित किया गया है कि वे विकास संबंधी संबंधों को अभिव्यक्त करती हैं।

प्ररूप नमूने

हर्बेरियम में 350,000 से अधिक ‘प्ररूप नमूने’ शामिल हैं - ये मूल नमूने हैं जिन पर नई प्रजातियों का वर्णन आधारित होता है। उनमें से कुछ अठारहवीं सदी के दौरान के हैं और पौधों और फफूँद के वर्गीकरण विज्ञान (taxonomy) और वर्गीकरण पद्धति (systematics) की दृष्टि से शोधकर्ताओं के लिए अमूल्य हैं। वे एक प्रमुख एवं अद्वितीय अंतर्राष्ट्रीय परिसंपत्ति का प्रतिनिधित्व करते हैं, जिनसे वनस्पति विज्ञानियों को नामों का सही प्रयोग करने में मदद मिलती है।

Kew के फफूँद संग्रह का नमूना, जिसे चार्ल्स डार्विन ने टिएरा डेल फ्यूगो से संगृहीत किया था।

Kew के फफूँद संग्रह का नमूना, जिसे चार्ल्स डार्विन ने टिएरा डेल फ्यूगो से संगृहीत किया था।

स्पिरिट संग्रह

स्पिरिट संग्रह में पौधों के 70,000 नमूने शामिल हैं, जो एक तरल पदार्थ में संरक्षित हैं और शीशे के जारों में संगृहीत हैं। संग्रह 1930 में आरंभ हुआ था और इसमें 371 पौध प्रजातियाँ हैं। इनमें से अधिकतर सामग्री ऐसे फूलों एवं फलों से संबंधित हैं जिनसे अच्छी तरह सुखाए और दबाए गए नमूने तैयार नहीं किए जा सकते। इन संग्रहों का उपयोग हर्बेरियम कार्मिकों, वनस्पति विज्ञान संबंधी कलाकारों और आगंतुक वर्गीकरण विज्ञानियों द्वारा किया जाता है।

फफूँद संग्रह

सन् 1879 में Kew में स्थापित कवक विज्ञान (फफूँद) संबंधी हर्बेरियम विश्व का एक सबसे पुराना, सबसे बड़ा और सर्वाधिक महत्त्वपूर्ण संदर्भ संग्रह है। Kew में फफूँद के 12 लाख 50 हजार से भी अधिक नमूने मौजूद हैं। अंटार्कटिका से लेकर उष्ण कटिबंध तक विश्व के हर कोने की फफूँद अंतर्राष्ट्रीय स्तर के शोध के लिए उपलब्ध है। हर्बेरियम संग्रह शास्त्रीय कृतियों, आधुनिक पाठ्यों और विशेषज्ञतापूर्ण जर्नलों से युक्त एक पुस्तकालय द्वारा समर्थित है। यह फफूँद के बारे में कहीं भी उपलब्ध साहित्य का सर्वाधिक महत्त्वपूर्ण संग्रह है।

हर्बेरियम को विजिट करना

हर्बेरियम केवल शोधकर्ताओं के लिए खुला हुआ है। विजिट करने के लिए प्रायः एक लिखित आवेदन अपेक्षित होता है और उसे निम्न पते पर भेजा जा सकता है:

The Keeper of the Herbarium
Royal Botanic Gardens, Kew
Richmond
Surrey TW9 3AE
UK

ई-मेल: herbarium@kew.org